परिवार जा रहा था नर्मदा पूजन को, मौत ने लील लिया
नर्मदा पूजन के लिए होशंगाबाद जा रहे एक परिवार के पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। एक ही बाइक पर सवार ये लोग तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आ गए। हादसा बुदनी के करीब मिडघाट पर हुआ। मृतकों में तीन बच्चे, एक महिला और एक पुरुष शामिल है
शक्ति नगर, छोला मंदिर निवासी 32 वर्षीय उमेश पिता प्रेमनारायण साहू लोडिंग ऑटो चालक थे। रविवार सुबह करीब छह बजे वे अपनी पत्नी पार्वती (28), बेटे प्रिंस (6), मिंटू (4) के साथ होशंगाबाद के लिए रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने अपने साढू भाई की 13 वर्षीय बेटी पूजा को कोलार रोड स्थित ननिहाल से साथ लिया। एक ही बाइक पर सवार सभी बुदनी स्थित मिडघाट पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि तीनों मासूमों समेत उमेश ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि पार्वती की सांसें चल रही थीं।
मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान पार्वती ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक और क्लीनर ट्राला छोड़कर फरार हो गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
वे अब कभी नहीं लौट सकेंगे : उमेश के मझले भाई जगदीश ने बताया कि बीती 30 अप्रैल को सबसे छोटे भाई नरेश की शादी थी। घर में सानंद संपन्न हुए शादी समारोह के बाद भईया नर्मदा पूजन करना चाहते थे। इसके लिए ही सभी होशंगाबाद के लिए निकले थे। लेकिन वे अब कभी नहीं लौट सकेंगे। इधर, शव लेकर जैसे ही जगदीश अपने घर पहुंचा, इलाके में मातम छा गया। घर में अब बूढ़े मां-बाप और दो भाई बचे हैं।
No comments:
Post a Comment