Monday, 21 May 2012

सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे मोदी


नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता से कांग्रेस की समस्याए बढती दिख रही हैं 


सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे
नई दिल्ली। आठ साल सत्ता में रहने के बाद कांग्रेसनीत संप्रग सरकार धीरे-धीरे अपनी जमीन खो रही है। एक ताजा सर्वेक्षण में मनमोहन सरकार को आजादी के बाद सबसे भ्रष्ट सरकार का दर्जा दिया गया है। प्रधानमंत्री मन  मोहन सिंह के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की लोकप्रियता घटी है। जबकि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी लोकप्रियता के मामले में सबसे आगे हैं। यह सर्वेक्षण ऐसे समय आया है जब संप्रग-2 सरकार 22 मई को ही अपने तीन साल पूरे करने जा रही है।

अप्रैल-मई के दौरान देश के 28 शहरों में किए गए एबीपी न्यूज-नील्सन के सर्वे के मुताबिक संप्रग के मुकाबले भाजपा की साथ मजबूत हुई है। सर्वेक्षण के मुताबिक अगर आज लोकसभा चुनाव हो जाएं, तो भाजपा को 28 फीसदी वोट मिलेंगे, जबकि कांग्रेस को 20 फीसदी से ही संतोष करना होगा। वर्ष 2009 के आम चुनाव में काग्रेस ने 207 सीटें जीती थी, जबकि भाजपा को 116 सीटें ही मिली थीं।

हालांकि, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अच्छा या बहुत अच्छा बताने वालों की तादाद 37 फीसदी रही। संप्रग सरकार प्रदर्शन के मामले में औसत अंक 2.95 के साथ नीचे उतरी है, जबकि पिछले साल उसे 3.22 औसत अंक मिले थे।

सर्वे में शामिल 57 फीसद लोगों का कहना था कि आजादी के बाद संप्रग-2 सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। 25 फीसदी लोग चाहते हैं कि सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश के लिए तत्काल कदम उठाए। सर्वे के मुताबिक 24 फीसदी लोगों ने खाद्य व पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर लगाम के लिए निगरानी की बात कही।

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को लोगों ने 17 फीसद वोट के साथ देश के सबसे अच्छे नेता के तौर पर स्थापित किया है। जबकि मनमोहन सिंह इस मामले में उनसे महज एक फीसद पीछे रहे। राहुल की लोकप्रियता पिछले वर्ष की 19 फीसदी से घटकर 13 फीसद रह गई। सोनिया पिछले साल के 14 फीसदी के मुकाबले इस साल नौ फीसद पर ही रह गई।

No comments:

Post a Comment