Tuesday, 22 May 2012

पड़ोसी ने बच्‍ची का किया रेप तो दोस्‍त ने महिला का गैंगरेप


पड़ोसी ने बच्‍ची का किया रेप तो दोस्‍त ने महिला का गैंगरेप
 
राजधानी में एक के बाद एक दुष्कर्म की तीन घटनाओं ने दिल्ली पुलिस को सकते में ला दिया है। हालांकि तीनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पश्चिम जिले के रणहौला इलाके के विकास कुंज सी ब्लॉक की निवासी चार वर्षीय बच्ची को उसका ही पड़ोसी किशोर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची जब घंटे भर बाद अपने घर पहुंची तो उसकी स्थिति देखकर परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद बच्ची की निशानदेही पर आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।

उत्तम नगर इलाके में भी 19 वर्षीय युवती के साथ 12वीं कक्षा के छात्र द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस छात्र को भी पकड़कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। पीड़ित युवती मूल रूप से पश्चिम बंगाल की निवासी है और दिल्ली के मोहन गार्डन में बहन के साथ रह रही थी।

पीड़िता ने 17 मई को थाने पहुंचकर शिकायत दी कि डेढ़ साल पहले छात्र से उसकी मुलाकात हुई थी। दोनों मिलते रहे और इस दौरान छात्र ने उसे शादी करने का झांसा देकर कई बार बलात्कार किया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि के बाद छात्र को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया।

दक्षिण जिले के वसंत विहार में भी एक युवक ने नौकरी का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म किया। युवक ने महिला को नशीले इंजेक्शन देकर अपने दोस्तों के साथ मिलकर भी कई बार दुष्कर्म किया। 22 वर्षीय महिला पति के साथ मुनीरका में किराए पर रहती है। उसका पति गुड़गांव की मल्टीनेशनल कंपनी में कैब चालक है। पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लालगंज की निवासी है। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

युवती ने आरोप लगाया था कि लालगंज में पढ़ते समय दुर्गेश से उसकी दोस्ती हुई थी। मगर शादी होने के बाद वह दिल्ली आ गई। कुछ दिन बाद दुर्गेश भी नौकरी के लिए दिल्ली आया और उससे संपर्क किया। एक ही गांव के होने के कारण उसने उससे बात कर ली, लेकिन कुछ दिन बाद दुर्गेश उसके घर आ गया और उसने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया।

वह उसे नोएडा ले गया, जहां उसका दोस्त दीपक भी मिला। दोनों ने मिलकर उसे नशीला इंजेक्शन दिया और फिर लगातार 10 दिनों तक दुष्कर्म करते रहे। किसी तरह वहां से निकलने के बाद वह सीधे थाने पहुंची। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान और मेडिकल जांच के बाद आरोपी दुर्गेश को गिरफ्तार कर लिया है और उसके दोस्त दीपक की तलाश में छापेमारी कर रही है।

No comments:

Post a Comment