Monday, 21 May 2012

बाड़मेर दर्द के मारे फिरते मारे -मारे


बाड़मेर दर्द के मारे फिरते मारे -मारे  
रेफरल सरकारी अस्पताल में पुलिस चौकी का टोटा आए दिन आफत की वजह बना हुआ है। पिछले लम्बे समय से उपखण्ड मुख्यालय पर स्थित इस बड़े अस्पताल राजकीय नाहटा चिकित्सालय में पुलिस चौकी की स्थापना की जरूरत महसूस की जा रही है। समय-समय पर जनप्रतिनिधियो व जागरूक लोगों द्वारा मांग भी की जाती रही है, लेकिन सार्थक नतीजा आज तक नहीं मिल पाया है। इसका खामियाजा घटना दुर्घटना में घायलों व पीडितों को पुलिस के पहुंचने तक इंतजार के रूप में झेलना पड़ रहा है। इस स्थिति के कारण कई बार गंभीर घायलों को बेवजह पीड़ा झेलते हुए तड़फना पड़ता है।

लपके और चोर सक्रिय
अस्पताल में चोरी की घटनाएंत तो आम हो गई है। दर्जनों मोटरसाइकिलें गायब हो चुकी है। मरीजों के सामान और मोबाइल की चोरियों की घटनाएं अनगिनत हो चुकी है। अस्पताल में सुरक्षा प्रबंध या चौकीदार भी नहीं है। अस्पताल में मरीजों को लपके दिनभर परेशान करते है।

क्योे जरूरी चौकी
पंजाब से गुजरात जोड़ने वाला मेगा स्टेट हाईवे तथा बर-ब्यावर-बाड़मेर-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र से होकर गुजरता है। राजमार्गो पर भी यातायात का भारी दबाव है। आए दिन हादसों मे घायल होने वाले लोगों को इस नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए लाया जाता है। झगड़ा, मारपीट या किसी अपराधिक वारदात के पीडित भी उपचार के लिए यहां पहुंचाए जाते है।

इनमें से कई घायल व पीडितों की नाजुक स्थिति के चलते उन्हें रेफर करना जरूरी हो जाता है। उपचार व रेफर से पूर्व अस्पताल प्रशासन को एमएलसी के लिए पुलिस प्रक्रिया भी पूर्ण करवानी पड़ती है। अस्पताल में पुलिस चौकी की सुविधा नहीं होने से दिक्कत खड़ी हो जाती है। पुलिस प्रक्रिया व एमएलसी के अभाव में मरीज को रेफर करना अटक जाता है। संबंधित थाने में इत्तला के बाद पुलिस के पहुंचने तक घायल व पीडित पक्ष के पास इंतजार के अलावा चारा नहीं रहता।

कई बार लिखी है चिटि्ठयां : पुलिस चौकी निहायत जरूरी है, इसको लेकर अनगिनत चिटि्ठयां भी उच्चाधिकारियों को लिखी गई। बैठकों में भी मांग उठाई गई।
-डॉ एन. एल. गुप्ता,
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी

विधायक बोले : अस्पताल में पुलिस चौकी होनी चाहिए, यह ठीक मुद्दा है। इसको लेकर पूरे प्रयास किए जाएंगे। शीघ्र ही राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजेंगे।
- मदन प्रजापत,
विधायक पचपदरा

प्रस्ताव भिजवाया है : चौकी स्थापना के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से भेजा गया प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जा चुका है।
-भंवरसिंह राजपुरोहित,
कार्यवाहक थानाधिकारी बालोतरा

No comments:

Post a Comment