गर्मी और तेज हुई, रात को भी राहत नहीं
| गर्मी इन दिनों पूरे शबाब पर है और आम जनता बिजली कटौती से परेशान |
संभाग में गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। रविवार को अधिकांश स्थानों का पारा 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने से अब रात को भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। कई स्थानों पर रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के निकट पहुंच गया है। ओसियां व फलौदी का अधिकतम पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया। रविवार को ओसियां में दिन का तापमान 43.7 व फलौदी में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन भर तेज झुलसाने वाली धूप व लू के थपेड़ों से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। सूर्यास्त के बाद लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली। जोधपुर शहर में सुबह से ही धूप तीखी रही। दिन चढऩे के साथ धूप के तेवर तीखे होते गए, जिससे गर्मी व लू के चलते दोपहर में शहर की कई सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। शहर के तापमान में करीब एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम पारा 41.3 व न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बाड़मेर में भी पारा उछला और 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, जैसलमेर के पारे में मामूली गिरावट हुई। यहां का अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री गिरने के बावजूद 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पाली, जालोर व सिरोही जिलों में रविवार को सूर्य के तेवर तीखे रहे। दिनभर तेज झुलसाने वाली धूप के कारण दोपहर के समय लोग जरूरी काम से ही बाहर निकले।
पाली में बीते दिन के मुकाबले रविवार को अधिकतम तापमान में 0.9 व न्यूनतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी प्रकार माउंटआबू के अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को पाली का अधिकतम तापमान 41.8 व न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। माउंटआबू का अधिकतम तापमान 34.0 व न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
संभाग का तापमान
जोधपुर 41.3 व 27.2,जैसलमेर 42.1 व 27.2, बाड़मेर 43.3 व 26.4, ओसियां 43.7 व 24.4, फलौदी 43.5 व 29.0, पाली 41.8 व 28.8 और माउंट आबू 34.0 व 18.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
No comments:
Post a Comment